तेंदूकोना पुलिस की बड़ी स्ट्राइक! स्कॉर्पियो के गुप्त चेंबर से 21 किलो गांजा बरामद, यूपी का तस्कर गिरफ्तार।


ओडिशा से प्रयागराज तक गांजा तस्करी का खुलासा, 13.51 लाख की संपत्ति के साथ आरोपी को पकड़ा।

तस्करी का हाईटेक तरीका, स्कॉर्पियो की पिछली सीट के नीचे बने विशेष चेंबर में छिपा रखा था 21 किलो गांजा।

जप्त गांजे की कीमत 10,50,000 रुपये।

गांजा, स्कॉर्पियो वाहन एवं मोबाइल सहित कुल 13.51 लाख रुपये की संपत्ति जप्त।

आरोपी के विरुद्ध धारा 20(B)(II)(C), 29 NDPS एक्ट के तहत कार्यवाही।

मुखबिर की सटीक सूचना पर तेंदूकोना पुलिस का त्वरित एक्शन।

एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्यवाही करने हेतु निर्देश प्राप्त हुआ है। जिसके परिपालन में जिला महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।

दिनांक 25.11.2026 को थाना तेंदूकोना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री हेतु परिवहन कर रहा है। सूचना पर थाना तेंदूकोना पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए ग्राम तिलाईदादर चौक मेन रोड के पास घेराबंदी की गई।

इसी दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक OR-02 AL-1188 आते दिखाई देने पर पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम इशदत्त उर्फ सूरज मिश्रा पिता श्यामबिहारी मिश्रा उम्र 24 वर्ष जो कि बसुहार थाना सरायअकिल जिला कौशाम्बी (उत्तरप्रदेश) का निवासी होना बताया। संदेही को मुखबिर सूचना से अवगत कराकर विधिवत कार्यवाही करते हुए वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो वाहन की पीछे वाली सीट के नीचे बने विशेष चेम्बर मे अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपाकर रखा हुआ पाया गया। जिसे निकालकर तौल कराने पर कुल 21 किलोग्राम गांजा कीमती 10,50,000 रुपये होना पाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा उक्त गांजा ओडिशा से लाकर प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) में बिक्री हेतु ले जाना बताया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से 21 किलोग्राम गांजा, गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन एवं एक मोबाइल फोन सहित कुल कीमती 13,51,000 रुपये की संपत्ति जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना तेंदूकोना में अपराध क्रमांक 155/2026 धारा 20(B)(II)(C), 29 NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर विवेचना में लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी-

 01- इशदत्त उर्फ सूरज मिश्रा पिता श्यामबिहारी मिश्रा उम्र 24 वर्ष निवासी बसुहार थाना सराय अकिल जिला कौशाम्बी (उत्तरप्रदेश)।

जप्त संपत्ति:-

01- 21 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा (कीमती 10,50,000 रुपये)। 

02- एक स्कॉर्पियो वाहन (कीमती 3,00,000 रुपये)।

03- एक मोबाइल फोन (कीमती 1,000 रुपये)।

जुमला जप्त संपत्ति कीमती 13,51,000 रुपये।

Previous Post Next Post