महासमुंद जेल से 4 बंदी बाउंड्री फांदकर भाग निकले 3 NDPS और एक चोरी के मामले में बंद था; छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर पुलिस की नाकेबंदी



महासमुंद जिला जेल से चार विचाराधीन बंदी फरार हो गए। घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है। बंदियों ने कंबलों को आपस में बांधकर फंदा बनाया और जेल की दीवार फांदकर बाहर निकलने में कामयाब रहे। घटना सामने आते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार बंदियों की तलाश में पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें जुट गई हैं।

गांजा तस्करी और चोरी के मामलों में थे बंद

जानकारी के अनुसार, फरार हुए चार बंदियों में दो जबलपुर (मध्यप्रदेश), एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का निवासी है। चारों अलग-अलग आपराधिक मामलों में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद थे। इनमें तीन पर गांजा तस्करी और एक पर चोरी का आरोप है।

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जेल परिसर से एक साथ चार बंदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बंदियों ने भागने की योजना कैसे बनाई और सुरक्षा के बीच उन्हें मौका कैसे मिला, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन फरार बंदियों की तलाश में जुटे हैं। उनके संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। साथ ही जेल में सुरक्षा संबंधी चूक और घटना के दौरान हुई लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


फरार हुए कैदियों के नाम और मामले:

  • धरमवीर (NDPS एक्ट - गांजा तस्करी)
  • लीलाधर (NDPS एक्ट - गांजा तस्करी)
  • राजेन्द्र (NDPS एक्ट - गांजा तस्करी)
  • पंचराम (चोरी के मामले में बंद) 
Previous Post Next Post