दिनांक 17.11.2026
115 नग शीशी (कुल 11,500 एमएल) प्रतिबंधित कोडीन कफ सीरप (विंसेरेक्स) बरामद।
परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी बर्गमैन वाहन सहित कुल जुमला कीमती ₹73,395/- का मशरूका जप्त।
पुलिस चेकिंग देख भागने लगे तस्कर, घेराबंदी कर पकड़े गए; बैग से निकलीं प्रतिबंधित कोडीन सिरप।
थाना बसना में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट), 1985 की धारा 21 के तहत मामला दर्ज।
महासमुंद के थाना बसना पुलिस एवं एएनटीएफ द्वारा क्षेत्र में अवैध नशीली दवाओं की तस्करी की रोकथाम हेतु लगातार चेकिंग कार्यवाही की जा रही है, साथ ही अवैध नशीली दवाओं की तस्करी तथा इंड टू इंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी एवं विधिवत कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 16.11.2026 को थाना बसना पुलिस टीम एवं एएनटीफ द्वारा पलसापाली बैरियर पर संदिग्ध वाहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग के सुजुकी बर्गमैन दोपहिया वाहन क्रमांक सीजी-04 आरबी-1095 में सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए, जो पुलिस चेकिंग को देखकर हड़बड़ाकर अपने वाहन को मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा दौड़ाकर, घेराबंदी कर पकड़ा गया।
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से नाम-पता पूछने पर अपना नाम मिर्जा एजाज एवं शेख अशफाक निवासी रायपुर होना, भागने का कारण पूछने पर उन्होंने ओडिशा से अवैध नशीली कफ सीरप खरीदकर बिक्री हेतु रायपुर ले जाना बताया। गवाहों के समक्ष विधिवत तलाशी लेने पर आरोपियों के संयुक्त कब्जे में रखे पिट्ठू बैग के अंदर से प्रतिबंधित नशीली कफ सीरप (कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड सीरप– विंसेरेक्स कफ सीरप) की 115 नग शीशियां (प्रत्येक 100 एमएल, कुल मात्रा 11,500 एमएल) बरामद हुईं। उक्त प्रतिबंधित नशीली दवा को रखने एवं परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज/लाइसेंस नहीं होना बताया गया।
प्रकरण में धारा 21 एनडीपीएस एक्ट का अपराध सबूत पाए जाने से आरोपियों के कब्जे से बरामद 115 नग प्रतिबंधित नशीली कोडीन सीरप एवं परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी बर्गमैन वाहन सहित कुल कीमती ₹73,395 का मशरूका गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना बसना में अपराध क्रमांक 650/2026, धारा 21(2)(सी) स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (नारकोटिक्स एक्ट) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
01- मिर्जा एजाज पिता मिर्जा युसूफ, उम्र 32 वर्ष, निवासी संतोषी नगर, कुंवर बाई स्कूल के पास, टिकरापारा, रायपुर, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर (छ.ग.)।
02- शेख अशफाक पिता शेख इकबाल, उम्र 38 वर्ष, निवासी शास्त्री मार्केट, रायपुर, थाना गोल बाजार, जिला रायपुर (छ.ग.)।
जप्त प्रतिबंधित नशीली दवाई का विवरण-
01- प्रतिबंधित कोडीन कफ सीरप (कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड सीरप– विंसेरेक्स कफ सीरप) – 115 नग शीशी (प्रत्येक में 100 एमएल, कुल 11,500 एमएल), कीमती 23,395 रूपये।
02- एक दोपहिया वाहन कीमती 50,000 रूपये।
कुल जप्त मशरूका कीमती– 73,395 रूपये (तिहत्तर हजार तीन सौ पंचानवे रुपये)।
