जनपद सीईओ ने ली जनपद पंचायत महासमुंद में 58 ग्राम पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायकों एवं आवास मित्रों की समीक्षा बैठक

 



महासमुंद, 12 जून 2026

जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत गुरुवार को भोरिंग एवं पटेवा क्लस्टर में कुल 58 ग्राम पंचायतों के सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों एवं आवास मित्रों की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने विशेष रूप से निर्देशित किया गया।



बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत महासमुंद श्री बी.एस. मंडावी द्वारा प्रथम पाली में भोरिंग क्लस्टर अंतर्गत 28 ग्राम पंचायतों के सचिवों, आवास मित्रों एवं रोजगार सहायकों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। इस दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जनपद सीईओ ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे विचरण करने वाले पशुओं को हटाने की पूर्वानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही मरम्मत योग्य हैंडपंपों को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र दुरुस्त कराने, सभी सार्वजनिक पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा जल जीवन मिशन के तहत संचालित पानी टंकियों में नियमित जल उपचार कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नदी किनारे स्थित ग्रामों में संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया। बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने एवं विकास कार्यों में गति लाने निर्देशित किया।

Previous Post Next Post