महासमुन्द 17 जून 2026
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद महासमुन्द द्वारा पथ विक्रेताओं एवं स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों को सम्मानित कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन शहर के लोहिया चौक में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू एवं अध्यक्षता नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी ने की। इस अवसर पर योजना से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर श्री संदीप दीवान सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू ने कहा कि किसी भी नगर की आर्थिक प्रगति उसके नागरिकों एवं व्यापारियों की आर्थिक सुदृढ़ता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है और वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। इससे उनकी आजीविका सशक्त हुई है, साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे फुटकर व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय को नई पहचान देने में सफल हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान योजना से लाभान्वित हितग्राही श्रीमती सविता निषाद, श्रीमती राधा औसर, श्री गोप कुमार, श्री भरत बुंदेला, श्रीमती मंजुला शर्मा, श्रीमती तृप्ति सहित अन्य हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पीएम स्वनिधि योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से प्राप्त वित्तीय सहायता ने उनके व्यवसाय को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने बताया कि पहले सीमित संसाधनों के कारण व्यवसाय संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन योजना के तहत प्राप्त ऋण एवं सहयोग से व्यवसाय का विस्तार करने में सहायता मिली है। जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है तथा जीवन स्तर में सुधार आया है
